अतिरिक्त प्रश्नोत्तर (Additional Q&A): हिम्मत और जिंदगी
अति संक्षिप्त प्रश्नोत्तर (Very Short Q&A)
1. 'हिम्मत और जिंदगी' किस विधा की रचना है और इसके लेखक कौन हैं?
उत्तर: यह एक विचारोत्तेजक निबंध है और इसके लेखक राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' हैं.
2. दिनकर जी का जन्म कब और कहाँ हुआ था?
उत्तर: दिनकर जी का जन्म सन् 1908 ई. में बिहार प्रदेश के मुंगेर जिले के सिमरिया गाँव में हुआ था.
3. दिनकर जी को किस काव्य-ग्रंथ पर ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला था?
उत्तर: उन्हें उनके प्रसिद्ध काव्य-ग्रंथ 'उर्वशी' पर ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला था.
4. लेखक के अनुसार किनके लिए आराम ही मौत है?
उत्तर: जिन्हें सब कुछ बिना किसी संघर्ष के आसानी से मिल जाता है, उनके लिए आराम ही मौत है.
5. विंस्टन चर्चिल ने जिंदगी की सबसे बड़ी सिफत (विशेषता) किसे माना है?
उत्तर: विंस्टन चर्चिल के अनुसार जिंदगी की सबसे बड़ी सिफत 'हिम्मत' है.
6. झुंड में चलना और झुंड में चरना किसका काम माना गया है?
उत्तर: झुंड में चलना और चरना भैंस और भेड़ का काम माना गया है.
संक्षिप्त प्रश्नोत्तर (Short Q&A)
1. 'त्यक्तेन भुंजीथाः' का क्या अर्थ है और लेखक ने इसे क्यों उद्धृत किया है?
उत्तर: 'त्यक्तेन भुंजीथाः' का अर्थ है— जीवन के भोगों का त्याग भाव से उपभोग करो। लेखक ने इसे इसलिए उद्धृत किया है ताकि मनुष्य यह समझ सके कि जीवन का असली स्वाद परमार्थ में है, न कि केवल वासनाओं में डूबे रहने में।
2. अकबर ने तेरह साल की उम्र में अपने पिता के दुश्मन को क्यों परास्त कर दिया था?
उत्तर: अकबर का जन्म रेगिस्तान की कठिन परिस्थितियों और संकटों के बीच हुआ था। मुसीबतों में पलने के कारण उसके भीतर बचपन से ही अपार साहस और हिम्मत पैदा हो गई थी, जिसके बल पर उसने इतनी कम उम्र में दुश्मन को हरा दिया।
3. अर्नोल्ड बेनेट ने साहस के अभाव वाले व्यक्ति के बारे में क्या लिखा है?
उत्तर: अर्नोल्ड बेनेट के अनुसार, जो व्यक्ति महान निश्चय के समय साहस नहीं दिखा पाता, वह कभी सुखी नहीं हो सकता। उसकी अंतरात्मा उसे हमेशा धिक्कारती रहती है कि वह ऐन वक्त पर कायर की तरह भाग खड़ा हुआ।
4. लेखक के अनुसार लहरों में तैरने का अभ्यास किसे होना चाहिए और क्यों?
उत्तर: जो लोग जीवन के बड़े संकटों का सामना करना चाहते हैं, उन्हें लहरों में तैरने का अभ्यास होना चाहिए। जो लोग पानी के भीगने के डर से किनारे बैठे रहते हैं, वे कभी समुद्र के भीतर छिपे मोतियों को प्राप्त नहीं कर पाते।
दीर्घ प्रश्नोत्तर (Long Q&A)
1. 'हिम्मत और जिंदगी' निबंध के माध्यम से रामधारी सिंह 'दिनकर' जी क्या संदेश देना चाहते हैं?
उत्तर: इस निबंध के माध्यम से लेखक यह संदेश देना चाहते हैं कि मानव जीवन की सार्थकता संघर्षों और कठिनाइयों का सामना करने में ही है। जो व्यक्ति जीवन में बिना मेहनत के सब कुछ पा लेता है, वह जीवन के वास्तविक रस से अनजान रहता है। दिनकर जी युवाओं को कायरता का त्याग कर, सिंह की तरह निडर होकर अपने रास्ते खुद बनाने और चुनौतियों को स्वीकार करने की प्रेरणा देते हैं।
2. लेखक ने 'उपवास और संयम' को आत्महत्या का साधन क्यों नहीं माना है? स्पष्ट करो।
उत्तर: लेखक के अनुसार, उपवास और संयम मनुष्य को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, ये आत्महत्या के साधन नहीं हैं। भोजन का असली स्वाद वही जान सकता है जो कुछ दिनों तक भूखा रहने का संयम रखता है। उसी प्रकार, जो व्यक्ति जीवन में सुखों का मूल्य पहले दुखों और कठिनाइयों के रूप में चुकाता है, वही बाद में सुख का असली आनंद ले पाता है। इसलिए संयम जीवन को निखारने के लिए आवश्यक है।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.